करनाल – योग स्वस्थ जीवन जीने की पद्धति, योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं-सांसद संजय भाटिया

0
153

करनाल – सांसद संजय भाटिया ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन जीने की एक पद्धति है। आज की भौतिक भाग-दौड़ को देखते हुए योग का अभ्यास अति आवश्यक है क्योंकि सबसे बड़ा सुख शरीर का स्वस्थ होना है, जिसकी प्राप्ति योग से होती है। यदि आपका शरीर स्वस्थ है तो आपके पास दुनिया की सबसे बड़ी दौलत है। इस बात के महत्व को समझते हुए हरियाणा राज्य में सरकार द्वारा कुरूक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना, पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृति चिकित्सा संस्थान की स्थापना, गांव देवरखाना जिला झज्जर में पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्राकृति चिकित्सा एवं रिसर्च संस्थान की स्थापना भारत सरकार के सहयोग से की जा रही है। इतना ही नहीं योग को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोले जाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अब तक 1002 व्यायामशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं।
सांसद संजय भाटिया शुक्रवार को 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दी और कामना की कि योग आपके जीवन का अभिन्न अंग बने तथा स्वस्थ व खुशहाल रहें। उन्होंने हजारों की संख्या में उपस्थित योग साधकों के साथ योग क्रियाएं की और संकल्प लिया कि नियमित रूप से योगा अभ्यास करूंगा।
इस अवसर पर सांसद संजय भाटिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 11 दिसम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 193 सदस्यों ने रिकॉर्ड 177 सह-समर्थक देशों के साथ 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि बड़े हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में जनसाधारण के बीच योग के प्रति जागरूकता का प्रचार-प्रसार करते हेतु आज को पांचवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। दुनियाभर के अनगिनत लोगों ने अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाया है। दुनिया के कई हिस्सों में इसका प्रचार-प्रसार हो चुका है और उम्मीद है कि  इसका फैलाव और ज्यादा होगा।
उन्होंने कहा कि योग की शुरूआत भारत में पूर्व वैदिक काल से हुई मानी जाती है। योग हजारों साल से भारतीयों की जीवनशैली हिस्सा रहा है। यह भारत की धरोहर है, योग में पूरी मानव जाति को एकजुट करने की शक्ति है, यह ज्ञान, कर्म और भक्ति का आदर्श मिश्रण है। उन्होंने कहा कि योग एक कला है जो हमारे शरीर, मन और आत्मा को जोड़ता है जो हमें मजबूत और शांतिपूर्ण बनाता है। इसका अभ्यास आवश्यक है, यह तनाव को कम करने में मदद करता है और समग्र स्वस्थ स्वास्थ्य को बनाए रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को फिर से विश्व में योग गुरू का दर्जा दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने सांसद संजय भाटिया का अभिनंदन किया और कहा कि निरोग रहने के लिए योग जरूरी है। हमें योग से निरंतर जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस देश का व्यक्ति स्वस्थ होगा वही देश आगे बढ़ेगा। योग एक ऐसी विद्या है जो शरीर को स्वस्थ रखती है और मन को भी संतुलित बनाए रखती है।