करनाल -गीता जीवन जीने की कला  : हरविन्द्र कल्याण

0
328

करनाल -घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि गीता जीवन जीने की कला है और प्रत्येक व्यक्ति को गीता ज्ञान को आत्मसात करके अपने जीवन का मार्ग प्रश्स्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी गीता से कठिन परिश्रम और कर्म करने का संदेश लेकर जीवन में अपनी मंजिल आसानी से हासिल कर सकती है। उन्होंने कहा कि गीता ने पूरी मानवता को कर्म करने का संदेश दिया है और यही देश और समाज के उत्थान का आधार है।
विधायक शुक्रवार को डा०मंगलसैन ऑडीटोरियम करनाल में सूचना,जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने जिला स्तर पर गीता महोत्सव के आयोजन की शुरूआत करने के मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनके प्रयासों से आज विश्व स्तर पर गीता संदेश की चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियों और भ्रम की स्थिति पैदा होने पर गीता ही व्यक्ति का सही मार्गदर्शन कर सकती है और व्यक्ति को सफलता की ओर बढऩे के लिए अग्रसर करती है। उन्होंने गीता जयंती के आयोजन और गीता जयंती के अवसर पर ज्ञान वर्धक प्रदर्शनी तथा बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

इस मौके पर विधायक ने गीता संदेश विषय पर आधारित सेमिनार का उद्घाटन किया और दीपशिखा प्रज्जवलित करके इसकी विधिवत शुरूआत की। सेमिनार में महान शिक्षाविद् और सोहन लाल डीएवी बीएड कॉलेज के प्रिसिंपल डा० विवेक कोहली, राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर14 करनाल के पूर्व प्राचार्य डा० प्रवीन भारद्वाज ने गीता संदेश पर विस्तृत चर्चा की। डा० विवेक कोहली ने कहा कि गीता विश्व का एकमात्र ऐसा ग्रंथ और महाकाव्य है, जिसकी रचना भगवान कृष्ण ने महाभारत के युद्ध के दौरान की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने गीता का यह संदेश केवल अर्जुन के लिए नहीं, केवल भारतवासियों के लिए नहीं अथवा किसी वर्ग विशेष के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए दिया है, जो मानवता को जीवन जीने की कला सिखाता है। उन्होंने कहा कि गीता से संदेश मिलता है कि श्रीकृष्ण के चित्र से जुडऩे की बजाय उनके चरित्र को जीवन में आत्मसात करें। डा० प्रवीन भारद्वाज ने कहा कि गीता मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत है जो हताश और निराश व्यक्ति के मन को परिवर्तित कर सकती है। उन्होंने कहा कि गीता का अध्ययन और जीवन में आचरण व्यक्ति के स्वयं के और समाज के कल्याण के लिए जरूरी है। सेमिनार के दौरान पार्थ स्कूल घरौंडा और डीएवी स्कूल करनाल के विद्यार्थियों ने गीता संदेश पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

डा०मंगलसैन ऑडीटोरियम परिसर में चल रही जिला स्तरीय गीता जयंती के शुभारंभ अवसर पर विधायक हरविन्द्र कल्याण ने विशाल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर गहनता से जानकारी ली। इस प्रदर्शनी में जहां निफा, माता प्रकाश कौर संस्थान, प्रजापति ब्रह्मकुमारी आश्रम, तपन स्कूल सहित अन्य संस्थाओं द्वारा विभिन्न गतिविधियों को प्रदर्शित करने वाली स्टाल स्थापित किये गए है। वहीं अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय आजीविका मिशन की जानकारी पर आधारित स्टाल स्थापित की गई। प्रदर्शनी में नगर निगम, यातायात पुलिस, जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, पशु पालन एवं डेयरी विकास, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, राहगिरी, स्वास्थ्य व आयुष, जिला समाज कल्याण विभाग, राजकीय कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, रोजगार विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, मत्स्य विभाग, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, भूमि एवं जल संरक्षण विभाग, शिक्षा विभाग, जिला चुनाव कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बागवानी कार्यालय सहित विभिन्न विभागों तथा बैंकों द्वारा स्टॉलें लगाई गई थी, जिनमें सभी विभागों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं के बारे जानकारी दी।

जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में जहां मंच पर स्वरदीप एंड पार्टी के कलाकारों ने कृष्ण लीला पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये, वहीं विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। डा०मंगलसैन ऑडीटोरियम परिसर में हरियाणा के लोक कलाकारों, नगाड़ा दल, बैग पाईपर पार्टी और बीन पार्टी के कलाकार जहां प्रातकाल से ही शहर वासियों का मनोरंजन कर रहे थे, वहीं इस कार्यक्रम में आने वाले सभी दर्शकों को हरियाणा की प्राचीन लोक संस्कृति से भी रू-ब-रू करवा रहे थे। सूचना जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने गीता ज्ञान पर आधारित रागनियों व भजनों से पूरे वातावरण को गीतामयी बनाया।

इस मौके पर सांस्कृतिक और सामाजिक संस्था निफा द्वारा आर्ट गैलरी स्थापित की गई। इस गैलरी में गीता के 18 अध्यायों पर आधारित चित्रकला के साथ-साथ जीवन के विभिन्न पहलूओं से जुड़ी हुई चित्रकलाओं को प्रदर्शित किया गया था। विधायक हरविन्द्र कल्याण ने इस आर्ट गैलरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर निफा के चेयरमैन प्रीतपाल पन्नू ने विधायक को बताया कि गीता जयंती के उपलक्ष्य में उनकी संस्था द्वारा शहर में तुलसी के 18 हजार पौधे वितरित किये गए है और आज भी प्रदर्शनी में स्थापित किये गए स्टाल के माध्यम से 300 पौधे वितरित किये गए।