रोहतक- करनाल से रोहतक गवाही देने गई लड़की की गोली मारकर हत्या, पुलिसवाले की भी गोली लगने से मौत

0
397

रोहतक-   रोहतक में लघु सचिवालय के सामने बुधवार को एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि करनाल के नारी निकेतन से रोहतक में इस लड़की को गवाही देने के लिए लाया जा रहा था l गवाही देने आई लड़की के साथ सब इंस्पेक्टर की भी गोली लगने से मौत हो गई है l पुलिस लड़की के पिता पर फायरिंग का शक जता रही है क्योंकि लड़की ने कुछ ही दिन पहले अपनी पसंद से दूसरे समाज के युवक से विवाह किया था , लड़की के परिजन इससे नाखुश थे। लड़की के नाबालिग होने के कारण युवक को जेल जाना पड़ा, इसके बाद कोर्ट ने लड़की को करनाल नारी निकेतन भेज दिया था। बुधवार को वह इसी मामले में गवाही देने रोहतक आई थी। मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि हिसार बाइपास पर रहने वाली इस नाबालिग लड़की ने सिंहपुरा कलां के सोमी नाम के युवक से लव मैरिज कर ली थी, तब से लड़की के परिजन नाराज चल रहे थे l इसी केस में करनाल के सब इंस्पेक्टर नरेंद्र नारी निकेतन से लड़की को रोहतक कोर्ट लेकर पहुंचे थे। जैसे ही लघु सचिवालय के बाहर नरेंद्र और लड़की पहुंचे उन पर फायरिंग हो गई। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग में नरेंद्र को तीन गोली लगी, जबकि लड़की को 2 गोलियां लगी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।