दुनिया का सबसे महंगा अंतिम संस्कार, इस राजा को आखिरी विदाई

0
392

बैंकॉक – (Agency) थाईलैंड में सात दशक तक शासन करने वाले राजा भूमिबोल अदुल्यादेज को अंतिम विदाई देने के लिए काले कपड़े पहने हुए शोक संतप्त लोग बैंकॉक के ऐतिहासिक क्वार्टर पर जुटे l राजा भूमिबोल का निधन गत वर्ष हुआ था और वहां एक साल का शोक मनाया गया l भूमिबोल के बेटे और उनके उत्तराधिकारी राजा महा वजीरालोंगकोर्न भव्य स्वर्ण पवेलियन में रात 10 बजे चिता को मुखाग्नि देंगे l राजमहल से राजा के पार्थिव शरीर को सोने के रथ ग्रेट विक्ट्री से श्मशान स्थल लाया गया। यह रथ 222 साल पुराना है। दो किमी की दूरी तीन घंटे में पूरी हुई। दाह संस्कार के लिए 185 फीट ऊंचा सोने जैसा चमकता श्मशान बनाया गया। अंतिम संस्कार के लिए देश की मिलिट्री सरकार ने 3 बिलियन बाह्त (करीब 582 करोड़ रूपए) की रकम भी जारी कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अब तक का सबसे महंगा अंतिम संस्कार है। महल परिसर में एक साल यथारूप में रखे रहे पार्थिव शरीर को बुधवार रात शैया से हटाया गया। इसके बाद गुरुवार को दरबार हाल से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई और राजा का पार्थिव शरीर महल से बाहर लाया गया।जैसे ही राजा का शव पहुंचा, तो तोपों की सलामी दी गई। सेना और शाही परिवार से जुड़े लोगों के अलावा सभी लोग काली ड्रेस में थे।

अंत्येष्टि में थाईलैंड की सत्ता की नामी गिरामी हस्तियां, शाही लोग, जनरल और प्रतिष्ठानों के जाने माने लोग शामिल होंगे l साथ ही कई विदेशी गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे l नौ करोड़ डॉलर की भव्य अंत्येष्टि में जनता को अपने राजा को भावुक विदाई देने का मौका दिया जाएगा l

भूमिबोल वर्ष 1950 में थाईलैंड के राजा बने और गत वर्ष अक्तूबर में 88 वर्ष की उम्र में निधन के पहले तक उन्होंने दशकों तक देश पर शासन किया l अंत्येष्टि से पहले शोकाकुल जुलूस, रंगबिरंगी झांकी निकाली जाएगी और बौद्ध रीति रिवाजों से चक्री राजवंश के राजा को सम्मान दिया जाएगा l अंत्येष्टि के बाद नए राजा को ताज पहनाया जाएगा l